आरओबी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, अस्पताल परियोजना की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार देर शाम जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड पर निर्माणाधीन चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए जून 2027 तक परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि आरओबी के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या का समाधान होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक जेपी गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा को 100 शैयायुक्त चिकित्सालय के रूप में विकसित किए जा रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी तथा गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर के बाहर परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था एवं कार्य पूर्ण होने की अवधि से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के तहत पूरे किए जाएं, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।