पीलीभीत में बड़ी मुठभेड़: एक लाख का इनामी शूटर सरबजीत सिंह ढेर
👉 
पीलीभीत। चर्चित कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात बिलसंडा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह मारा गया।
पुलिस के अनुसार, सरबजीत सिंह की घेराबंदी किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान बिलसंडा थाना प्रभारी जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं, एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 28 मई को बिलसंडा में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है।