जौनपुर में बढ़ते अपराधों पर भड़के इंद्रभान सिंह इंदु, बोले— अपराधी बेलगाम, जनता त्रस्त

जौनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह ‘इंदु’ ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, छिनैती और दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं में हो रही वृद्धि से पुलिस का इकबाल कमजोर पड़ता जा रहा है।
इंद्रभान सिंह इंदु ने कहा कि पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाने के बावजूद अपराधियों पर कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। स्थिति यह है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में कानून-व्यवस्था नाम की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। पुलिस और प्रशासन केवल घटनाओं के बाद औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रह गए हैं, जो कि अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी और कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो जनता का भरोसा पूरी तरह समाप्त हो सकता है।
इंद्रभान सिंह ने पुलिस अधीक्षक से सवाल करते हुए कहा कि आखिर अपराधियों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है। क्या पुलिस केवल घटनाओं के बाद मौके पर पहुंचने तक ही सीमित है? उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षा चाहिए, न कि बहाने। व्यापारी वर्ग, महिलाओं और आम नागरिकों में बढ़ता भय सीधे तौर पर प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से भी मांग की कि जौनपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर तत्काल सख्त कदम उठाए जाएं, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हो और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही पुलिस तंत्र की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का भरोसा फिर से कायम हो सके।
इस संबंध में जानकारी जिला महामंत्री आरिफ हबीब द्वारा दी गई।