वरुणा नदी में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी, 04 जुलाई 2026। जैतपुरा थाना क्षेत्र के नमरीबाग पुल पटरी के पास वरुणा नदी में गुरुवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धीरज सरोज पुत्र राधेश्याम, निवासी D.35/130 नमरीबाग के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के भाई नीरज सरोज ने थानाध्यक्ष जैतपुरा को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि धीरज सरोज पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार शाम वह दवा लेने के बाद घर लौटे थे, लेकिन गुरुवार सुबह उनका शव नदी में मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह टहलने निकले कुछ युवकों ने नमरीबाग पुल पटरी के पास वरुणा नदी में शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह धीरज सरोज का निकला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर घर पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।