लायन्स क्लब जौनपुर की सराहनीय पहल: जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन, विद्यालय को मिले पांच सीलिंग पंखे


जौनपुर। सेवा को अपना मूल मंत्र मानते हुए लायन्स क्लब जौनपुर ने एक प्रेरणादायक पहल के तहत जरूरतमंदों की सहायता का सराहनीय कार्य किया। क्लब द्वारा “एक कदम सेवा की ओर, एक संकल्प आत्मनिर्भरता की ओर” अभियान के अंतर्गत अभिनव प्राथमिक विद्यालय, ककोरगहना (करंजाकला) में एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन एवं विद्यालय को पांच सीलिंग पंखे भेंट किए गए।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिला को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भीषण गर्मी से राहत प्रदान कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष एमजेएफ सीए राजेश राज गुप्ता ने कहा कि लायन्स क्लब जौनपुर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सेवा के छोटे-छोटे कार्य भी किसी के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं और क्लब भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रागिनी गुप्ता ने लायन्स क्लब जौनपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय को प्राप्त सीलिंग पंखों से बच्चों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी, जिससे पढ़ाई का वातावरण और अधिक अनुकूल बनेगा।
कार्यक्रम में क्लब सचिव लायन योगेश साहू, कोषाध्यक्ष लायन रंजीत सिंह, विद्यालय परिवार की रंजना सिंह, ममता सिंह, रिंकी यादव, सारिका सिंह सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने लायन्स क्लब जौनपुर की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights