काशी के योगाचार्य ने श्रीनगर में CRPF जवानों को कराया योग, सिखाए विपरीत परिस्थितियों में संतुलन के सूत्र

वाराणसी/श्रीनगर: काशी के कोतवाल के भक्त एवं भैरव परिवार से जुड़े प्रसिद्ध योगाचार्य श्री प्रकाश नाथ योगी (योगेश्वर) ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 21वीं बटालियन के जवानों को योग का विशेष प्रशिक्षण दिया।
प्रातः 7 बजे आयोजित इस योग शिविर का आयोजन बटालियन के कमांडेंट श्री अनिल कुमार वृक्ष के निर्देशन में किया गया। शिविर का मुख्य विषय ‘योग और मुद्रा रहस्य’ रहा, जिसमें जवानों को शारीरिक व मानसिक संतुलन के साथ-साथ विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को ढालने के महत्वपूर्ण सूत्र सिखाए गए।
योगाचार्य प्रकाश नाथ योगी ने अत्यंत सरल भाषा में जवानों को योग के त्वरित लाभों से अवगत कराया। श्रीनगर के मनोहारी वातावरण में चिनार के पेड़ों के नीचे आयोजित इस शिविर में जवानों ने तिर्यक आसन, पवनमुक्तासन, मंडूकासन जैसे आसनों का अभ्यास किया। वहीं प्राणायाम में अनुलोम-विलोम, कपालभाति और गहरी श्वास तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
शिविर के अंत में हंसी क्रिया के साथ अपान वायु मुद्रा, लिंग मुद्रा, पद्म मुद्रा और समान मुद्रा सहित विभिन्न मुद्राओं के रहस्यों को भी विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट श्री अनिल कुमार वृक्ष ने कहा कि योगी योगेश्वर पिछले 15 वर्षों से CRPF जवानों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उनका जीवन योग व आध्यात्म के प्रति पूर्णतः समर्पित है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से जवानों को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) श्री अतुल चौधरी ने योगाचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग जैसे गूढ़ विषय को इतनी सरलता से समझाना अद्भुत अनुभव रहा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम के अंत में ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ पूरे परिसर को देशभक्ति और योगमय वातावरण से गूंजायमान कर दिया गया।