स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र को मिले आयुष्मान कार्ड: डीएम सैमुअल पॉल एन.

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, संचारी रोगों की रोकथाम, सर्पदंश उपचार एवं अस्पतालों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय बनाकर विशेष अभियान चलाते हुए लक्ष्य को शीघ्र पूरा करें।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान को समयबद्ध ढंग से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एम्बुलेंसों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी एवं शिकायत हेल्पलाइन नंबर अंकित करने तथा एम्बुलेंस के इंटीरियर को स्वच्छ बनाए रखने को कहा गया। सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने डेंगू एवं अन्य आपात स्थितियों को देखते हुए प्लेटलेट्स और जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी अस्पताल बिना वैध पंजीकरण के संचालित न हो।
सर्पदंश के मामलों को लेकर बताया गया कि सभी सरकारी अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस पर जिलाधिकारी ने आशा और एएनएम के माध्यम से गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि लोग झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। वहीं संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, झाड़ियों की सफाई एवं जलभराव समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद के सभी चिकित्सा अधीक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।