दिल्ली ब्रेकिंग राज्यसभा में ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश, राष्ट्रगीत को मिलेगा राष्ट्रगान जैसा कानूनी संरक्षण

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश कर दिया है। इस विधेयक के जरिए राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को राष्ट्रगान जन गण मन के समान कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभावना को सशक्त करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हालांकि, बिल पेश होते ही विपक्ष खासकर वामपंथी दलों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लेफ्ट पार्टियों का आरोप है कि सरकार इस तरह के कदमों के जरिए समाज में विभाजन पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर संवेदनशीलता है, ऐसे में इस तरह का कानून अनावश्यक विवाद को जन्म दे सकता है।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस बिल का उद्देश्य किसी पर थोपना नहीं, बल्कि राष्ट्रगीत के सम्मान को सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में इस विधेयक पर संसद में विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।