उज्जैन में खजूरी मस्जिद के बाहर पुलिस की तैनाती, फिलहाल स्थिति शांत—आगे क्या होगा?
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद क्षेत्र में तनाव की आशंका के बीच पुलिस बल की तैनाती की गई है। मौके पर पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं, हालांकि फिलहाल किसी तरह की हलचल या तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होने की सूचना नहीं है।
खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किए जाने की योजना है। इस चौड़ीकरण की जद में बड़ी संख्या में भवन प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इसी बीच मस्जिद से जुड़े मामले पर हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है। प्रशासन की ओर से फिलहाल बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अब सबकी नजर अदालत के फैसले और उसके बाद प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।
फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है और स्थिति शांत बताई जा रही है। आगे प्रशासन क्या निर्णय लेता है, यह हाईकोर्ट की सुनवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।