LPU हिंसा के बाद कैंपस में 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, 10 दिन तक कक्षाएं स्थगित छात्र आंदोलन के बाद बढ़ी सुरक्षा, अज्ञात के खिलाफ FIR; SIT ने शुरू की जांच


पंजाब। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ के बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय परिसर में 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मध्यावधि परीक्षाएं भी अगली सूचना तक टाल दी गई हैं।

छात्रों का आरोप है कि गर्ल्स हॉस्टल-3 से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर प्रदर्शन शुरू हुआ था। इसी दौरान कुछ बाहरी लोगों के कैंपस में प्रवेश करने के बाद स्थिति बिगड़ने और हिंसा व तोड़फोड़ बढ़ने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, बाहरी लोगों की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डीजीपी गौरव यादव को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। पुलिस द्वारा कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

हिंसा के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य कैंपस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights