त्योहारों से पहले कानपुर में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, सड़कों पर उतरा भारी पुलिस बल संवेदनशील इलाकों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पैदल व वाहन से गश्त; संदिग्धों और वाहनों की सघन चेकिंग




कानपुर नगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए 28 सितंबर 2026 को कानपुर पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च किया। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों की अध्यक्षता में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल एवं वाहनों से गश्त कर पुलिस ने अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई।
पुलिस टीमों ने आमजन, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं गश्त जारी रहेगी।