गोल्ड मेडल के लिए भारत-पाकिस्तान फाइनल से पहले काशी में गूंजा जयकारा बाबा विश्वनाथ के दरबार में टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना, तिरंगे और खिलाड़ियों की तस्वीरों के साथ क्रिकेट प्रेमियों ने बढ़ाया उत्साह

वाराणसी। एशियन गेम्स-2026 के पुरुष टी-20 क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले धर्म और आस्था की नगरी काशी में टीम इंडिया की जीत के लिए जयकारा गूंजा। नमामि गंगे टीम ने क्रिकेट प्रेमियों के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा।

गंगा सेवक एवं पूर्व राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश शुक्ला के संयोजन में क्रिकेट प्रेमी हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें और क्रिकेट बैट लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टीम इंडिया की जीत की कामना की गई। गंगा द्वार पर मां गंगा से भी भारतीय टीम को विजय का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की गई।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं पूर्व राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश शुक्ला ने कहा कि क्रिकेट भारतवासियों का प्रिय खेल है। एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक जीते, इसी कामना के साथ बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के दरबार में प्रार्थना की गई है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों की निगाहें भारतीय क्रिकेट टीम पर टिकी हैं। टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बने और देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करे, यही बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना है।

इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, सीआर पटेल, प्रवीण, अनु पटेल, महेश पटेल सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights