गर्लफ्रेंड के साथ पिज्जा खाने पर भड़का युवक, कोचिंग टीचर की चाकू से गोदकर हत्या चार दिन बाद कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में मिला शिक्षक का शव, आरोपी ने हत्या के बाद दीवार पर लिखा ‘ओपी यादव रेपिस्ट’

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कोचिंग शिक्षक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। कानपुर निवासी कोचिंग शिक्षक ओपी यादव की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के चार दिन बाद उनका शव कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी निखिल ने शिक्षक ओपी यादव को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पिज्जा खाते हुए देख लिया था। उसे शक था कि शिक्षक उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। बताया जा रहा है कि इस मामले में निखिल ने शिक्षक से बातचीत की, लेकिन दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक ने निखिल की पिटाई कर दी।
इसके बाद गुस्से में आए निखिल ने कथित तौर पर मटन काटने वाले चाकू से शिक्षक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने दीवार पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया। हालांकि, शिक्षक पर लगाए गए इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि ओपी यादव पिछले करीब 30 वर्षों से आगरा में रहकर शिक्षण कार्य कर रहे थे। वह मूल रूप से कानपुर के निवासी थे और अविवाहित थे।
चार दिन बाद कोचिंग सेंटर के बेसमेंट से उनका शव बरामद होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह तथा घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।