हापुड़ में यातायात नियमों की उड़ाई गईं धज्जियां, एंबुलेंस को रास्ता देने के बजाय थार की छत पर डांस करते रहे हुड़दंगी पीछे सायरन बजाती रहीं दो एंबुलेंस, आगे स्कॉर्पियो और थार में सवार युवकों का सड़क पर हंगामा; यातायात माह के दावों पर उठे सवाल हापुड़। जनपद हापुड़ में

यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक मामला सामने आया है। यहां सड़क पर एक स्कॉर्पियो और थार वाहन के साथ कुछ युवक हुड़दंग करते नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि थार की छत पर चढ़कर युवक डांस करते रहे, जबकि पीछे से दो एंबुलेंस लगातार सायरन बजाते हुए रास्ता मांग रही थीं।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक सायरन बजाकर आगे निकलने का रास्ता मांगते रहे, लेकिन आगे चल रहे वाहनों में सवार युवकों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। युवक थार की छत पर डांस करने में मशगूल रहे। इस दौरान सड़क पर यातायात व्यवस्था और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

एक तरफ यातायात पुलिस द्वारा लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात माह मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की तस्वीरें जागरूकता अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करती हैं।

एंबुलेंस को रास्ता देना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है, क्योंकि उसमें सवार मरीज की जान बचाने के लिए हर पल महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में एंबुलेंस के सामने इस तरह हुड़दंग करना न केवल यातायात नियमों की अनदेखी है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े करता है।

अब देखना यह है कि हापुड़ यातायात पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित वाहनों और युवकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights