उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर व्रती महिलाओं ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना

जौनपुर। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा जनपद में सोमवार को हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। पर्व के चौथे और अंतिम दिन तड़के सुबह व्रती महिलाओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे तक चलने वाले निर्जला व्रत का पारण कर छठ महापर्व का समापन किया।
इस अवसर पर नगर के शीतला चौकियां धाम स्थित कुंड, गोपी घाट, अचला घाट और हनुमान घाट सहित जनपद के विभिन्न जलाशयों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी पूजा सामग्री, फल-फूल और प्रसाद से भरे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचीं। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि, आरोग्यता और संतान की दीर्घायु की मंगलकामना की। सूर्योदय के साथ ही जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने का दृश्य श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा प्रस्तुत कर रहा था।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे नियम, संयम और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की। अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इसी के साथ जनपद में छठ महापर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के बीच शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया।