यमराज बन कलाकारों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, लापरवाही पड़ सकती है जान पर भारी जेसीज चौराहे पर अनोखे अंदाज में चला यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील

जौनपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जौनपुर के जेसीज चौराहे पर अनोखा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कलाकारों ने यमराज का रूप धारण कर राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
यमराज के वेश में कलाकारों को देखकर चौराहे से गुजर रहे लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ। कलाकारों ने अपने अनूठे अंदाज में लोगों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों के प्रति आगाह किया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
कलाकारों ने संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।