स्वर्ण कारोबारी से फिल्मी अंदाज में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच अभियुक्त गिरफ्तार लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 844 ग्राम सोने के आभूषण और सोने के टुकड़े बरामद, 1.82 लाख रुपये नकद भी मिले

लखनऊ। स्वर्ण व्यवसायी से सोने एवं आभूषणों से भरा बैग लूटने वाले गिरोह का लखनऊ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 844 ग्राम पीली धातु के आभूषण एवं सोने के टुकड़े तथा 1 लाख 82 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले से योजना बनाकर सोने के कारोबार से जुड़े लोगों के माध्यम से व्यापारियों की गतिविधियों और उनकी यात्रा संबंधी जानकारी जुटाते थे। इसी साजिश के तहत जौनपुर से दिल्ली जा रहे एक स्वर्ण व्यवसायी की बस और यात्रा का पूरा विवरण अपने साथियों तक पहुंचाया गया।

बताया गया कि गिरोह का एक सदस्य उसी बस में मौजूद था। उसने स्वर्ण व्यवसायी की पहचान करने के बाद लखनऊ में मौजूद अपने अन्य साथियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बस रुकवाई और खुद को जौनपुर पुलिसकर्मी बताते हुए व्यवसायी पर सोने की तस्करी करने का आरोप लगाया।

आरोप है कि इसके बाद अभियुक्तों ने व्यवसायी को जबरन बस से नीचे उतारा और अपनी कार में बैठा लिया। उसके पास मौजूद सोने एवं आभूषणों से भरा बैग अपने कब्जे में लेकर वाहन के माध्यम से जौनपुर की ओर भेज दिया गया। बाद में व्यवसायी को रास्ते में छोड़ दिया गया।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने और आभूषणों का आपस में बंटवारा कर उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे। इसी बीच लखनऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई में लगभग 844 ग्राम सोने के आभूषण एवं सोने के टुकड़े तथा 1,82,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस कार्रवाई: लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई को स्वर्ण कारोबारियों को निशाना बनाकर की जा रही सुनियोजित लूट की घटनाओं के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights