एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बदली थानों की कमान, कई थाना प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी


शाहगंज, जफराबाद, सिकरारा और लाइन बाजार समेत कई थानों में नई तैनाती, गैरजनपद स्थानांतरित प्रभारियों को किया गया कार्यमुक्त
जौनपुर। जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत विभिन्न थानों में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है, जबकि कुछ पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी फेरबदल के अनुसार, महेंद्र कुमार सिंह को शाहगंज थाने की कमान सौंपी गई है। रमेश यादव को जफराबाद थाना प्रभारी तथा पवन कुमार उपाध्याय को सिकरारा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, दीनदयाल पांडे को लाइन बाजार का कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में अखिलेश कुमार को मीरगंज थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि लक्ष्मण विक्रम सिंह को केराकत कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के रूप में पन्नेलाल और विपिन कुमार सिंह की तैनाती की गई है।
उधर, केराकत, मछलीशहर और महिला थाने के पूर्व प्रभारियों को गैरजनपद स्थानांतरण के क्रम में कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं, मीरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह को एसओजी में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा किए गए इस फेरबदल से जिले के कई थानों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में आ गई है। अब नई तैनाती के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी इन अधिकारियों के कंधों पर होगी।