बुजुर्ग पिता को वृद्धाश्रम भेजना बेटे-बहू को पड़ा भारी, बॉम्बे हाईकोर्ट का सख्त आदेश; 15 दिन में लौटाना होगा फ्लैट 88 वर्षीय पिता ने बेटे को गिफ्ट में दिया था मलाड का फ्लैट, बाद में वृद्धाश्रम में रहने को हुए मजबूर; हाईकोर्ट ने पुलिस की मदद से मकान खाली कराने का भी दिया निर्देश मुंबई। माता-पिता की सेवा और सम्मान को लेकर बॉम्बे
हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है। अपने ही बुजुर्ग पिता को वृद्धाश्रम में रहने के लिए मजबूर करने वाले बेटे और बहू को अदालत ने कड़ा सबक सिखाया है। हाईकोर्ट ने बेटे को 15 दिनों के भीतर पिता का फ्लैट वापस करने का आदेश दिया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में फ्लैट खाली नहीं किया गया तो पुलिस की सहायता से बेटे और बहू को बाहर निकाला जा सकता है।
मामला मुंबई के मलाड इलाके का है, जहां 88 वर्षीय देवचंद कोरशी डेधिया ने अपनी पत्नी मंजुला डेधिया के साथ वर्ष 1999 में एक फ्लैट खरीदा था। 12 मार्च 2015 को पत्नी की मृत्यु के बाद परिवार में परिस्थितियां बदलने लगीं। बुजुर्ग पिता का आरोप है कि उनके बड़े बेटे शिबन देवचंद डेधिया और बहू रीटा डेधिया ने उन्हें छोटे बेटे के साथ रहने के लिए कह दिया।
बुजुर्ग पिता के मुताबिक, बेटे ने कारोबार संभालने के नाम पर उनसे पावर ऑफ अटॉर्नी से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि फ्लैट से जुड़े शेयर बेटे के नाम स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इसके बाद बुजुर्ग पिता को कथित तौर पर घर से अलग कर दिया गया और उन्हें वृद्धाश्रम में रहने की नौबत आ गई।
अपने ही बेटे और बहू के व्यवहार से परेशान होकर 88 वर्षीय बुजुर्ग ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने संपत्ति हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों को रद्द करने और अपना फ्लैट वापस दिलाने की मांग की। हालांकि, निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया।
मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुजुर्ग पिता को राहत देते हुए बेटे को 15 दिनों के भीतर फ्लैट वापस करने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि यदि तय समय में फ्लैट खाली नहीं किया जाता है तो पुलिस की मदद से बेटे और बहू को फ्लैट से बाहर निकाला जाए।
बुजुर्गों के अधिकारों पर अहम संदेश
यह मामला केवल एक परिवार का विवाद नहीं है, बल्कि उन बुजुर्ग माता-पिता के अधिकारों से भी जुड़ा है, जिन्हें जीवनभर अपने बच्चों के भविष्य के लिए मेहनत करने के बाद बुढ़ापे में उपेक्षा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है।
अदालत का यह कदम समाज को संदेश देता है कि माता-पिता की संपत्ति हासिल करने के बाद उन्हें उनके अधिकारों और सम्मान से वंचित नहीं किया जा सकता। बुजुर्गों की देखभाल, सुरक्षा और सम्मान परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।