SBL एनर्जी लिमिटेड फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 की मौत

नागपुर/कटोल। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोल तहसील स्थित राउलगांव में रविवार सुबह माइनिंग और इंडस्ट्रियल विस्फोटक बनाने वाली SBL एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ, उसका मलबा और सामान करीब 500 से 700 मीटर दूर तक जा गिरा। मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।
राहत-बचाव जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई, जिसे करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू में किया गया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया।
घायलों को तत्काल नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया है।
सरकार ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए हादसे की पूरी जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। साथ ही संबंधित कंपनी द्वारा भी परिवारों को आर्थिक मदद देने की बात कही गई है।
राज्य मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी अधिकारियों को तत्काल राहत एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।