बदमाशों ने युवक को मारी गोली, विरोध करने पर किया हमला

जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के गढ़ाबाघराय बाजार में शनिवार देर रात बदमाशों ने जनरेटर चोरी की कोशिश के दौरान फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय अवधेश यादव उर्फ पुल्ली पुत्र कृपाशंकर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक मैजिक वाहन से पहुंचे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की और मौके से चले गए। कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे और बाजार में रखे जनरेटर को लादने का प्रयास करने लगे।
घायल अवधेश यादव ने बताया कि जब उन्होंने विरोध करते हुए बदमाशों पर डंडा फेंका, तो वाहन में सवार एक बदमाश ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली जंघे को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी जंघे में लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद बदमाश वाहन समेत हैदरपुर की ओर फरार हो गए। घायल युवक ने खुद फोन कर एम्बुलेंस बुलाई। एम्बुलेंस से पहले उन्हें नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। देर रात एएसपी और सीओ सदर सहित कई थानों की पुलिस फोर्स ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।