दहेज के लिए विवाहिता की ईंट से कूचकर हत्या, पति समेत 7 पर केस दर्ज


जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि शनिवार देर रात ससुराल पक्ष के लोगों ने ईंट से कूच-कूचकर महिला की जान ले ली और घटना के बाद सभी फरार हो गए।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय सुनीता पटेल के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2017 में गांव निवासी शैलेश कुमार उर्फ शशी पटेल से हुई थी। दंपति की एक 5 वर्षीय बेटी आंशी भी है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की मां शीला देवी (निवासी चतुभुजपुर, बरसठी) ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, जेठ, ससुर समेत अन्य परिजन 5 लाख रुपये नकद दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सुनीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात ससुराल वालों ने मिलकर ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
मृतका के पिता किशन कुमार पटेल ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें नहीं दी गई। पुलिस की जानकारी पर जब वे सीएचसी पहुंचे तो बेटी की हालत देखकर सन्न रह गए।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मड़ियाहूं थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights