अंतिम संस्कार में शामिल होने आया अधेड़ गोमती नदी में डूबा, कई घंटों बाद भी नहीं चला पता


जौनपुर: जफराबाद थाना क्षेत्र के नाव घाट के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आया 48 वर्षीय व्यक्ति गोमती नदी में डूब गया। घटना के कई घंटे बाद तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, मुरारपुर हौज गांव निवासी दिलीप चौहान की माता प्रभा देवी (88) का रविवार देर रात बीमारी के कारण निधन हो गया था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन और ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के बाद लोग स्नान करने के लिए नदी की ओर गए। इसी दौरान गांव के ही श्याम बहादुर चौहान (48), पुत्र स्वर्गीय लालजी चौहान, नहाने के लिए नदी में उतरे। बताया जा रहा है कि नदी में गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गए।
शुरुआत में साथ मौजूद लोगों को घटना का पता नहीं चला, लेकिन काफी देर तक बाहर न आने पर लोगों को संदेह हुआ। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिले तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला मय फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। बाद में विभागीय गोताखोरों को भी बुलाया गया। पुलिस खुद नाव के जरिए खोजबीन में जुटी रही।
फिलहाल कई घंटे बीत जाने के बाद भी लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights