जौनपुर: अवैध रूप से संचालित लक्ष्मी नर्सिंग होम सीज, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई


Jaunpur। जिले के रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बिना पंजीकरण के संचालित लक्ष्मी नर्सिंग होम पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, उक्त नर्सिंग होम के खिलाफ स्थानीय निवासी सोनू गुप्ता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी को शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अस्पताल में बिना मान्यता के प्रसव सहित अन्य चिकित्सीय कार्य कराए जा रहे थे, जिससे मरीजों की जान को खतरा बना हुआ था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच के आदेश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. प्रभात यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में नर्सिंग होम बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पाया गया।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से नर्सिंग होम को सीज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता के संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights