तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 मजदूरों की मौत, कई घायल


विरुधुनगर (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानरपट्टी गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री में पटाखे बनाने के लिए रसायनों को मिलाया जा रहा था। शुरुआती जांच में रसायनों के मिश्रण के दौरान गड़बड़ी को विस्फोट की मुख्य वजह माना जा रहा है।
धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के चार कमरे पूरी तरह जमींदोज हो गए। घटना के समय वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। कई शव बुरी तरह जल गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
यह विस्फोट मुथुमानिकम के स्वामित्व वाली वनजा पटाखा निर्माण इकाई में हुआ, जिसके पास वैध लाइसेंस भी था। हैरानी की बात यह है कि रविवार को आधिकारिक अवकाश होने के बावजूद फैक्ट्री में काम जारी था।
घटना की सूचना मिलते ही शिवकाशी, विरुधुनगर और सत्तूर से दमकल विभाग और बचाव दल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
मौके पर पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक एसपी श्रीनाथ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की।
वहीं, एम. के. स्टालिन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि तमिलनाडु पटाखा निर्माण का प्रमुख केंद्र है, जहां बीते कुछ वर्षों में इस तरह की कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights