यूपी में स्मार्ट मीटर पर ब्रेक: रिपोर्ट आने तक रोक, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

लखनऊ, 19 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने साफ निर्देश दिए हैं कि तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
45 दिन तक नहीं कटेगी बिजली
सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए कहा है कि जहां स्मार्ट मीटर लगे हैं, वहां 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
जीरो बैलेंस पर भी मिलेगी सप्लाई
अब स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को जीरो बैलेंस होने पर भी 3 दिन या 200 रुपये तक (2 किलोवाट तक) बिजली आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
5-स्तरीय SMS अलर्ट सिस्टम लागू
उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी देने के लिए सरकार ने 5-लेवल SMS अलर्ट सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है—
30% बैलेंस पर पहला मैसेज
10% पर दूसरा
बैलेंस खत्म होने पर तीसरा
कटौती से 1 दिन पहले चौथा
कनेक्शन कटने के बाद पांचवां मैसेज
रविवार और छुट्टियों में नहीं कटेगा कनेक्शन
सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए निर्देश दिया है कि रविवार और अन्य अवकाश के दिन किसी भी हालत में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, भले ही बैलेंस नेगेटिव हो।
गर्मी में निर्बाध बिजली पर जोर
गर्मी को देखते हुए सभी डिस्कॉम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिजली आपूर्ति बाधित न हो। ट्रांसफार्मर बदलने, ढीले तार और स्पार्किंग जैसी समस्याओं को तुरंत ठीक करने को कहा गया है।
सरकार की प्राथमिकता: उपभोक्ता संतुष्टि
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार एक सुदृढ़, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी विद्युत व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम जारी रहेगा।