रेलवे में बड़ा बदलाव: स्टेशन मास्टर अब कहलाएंगे ‘स्टेशन प्रबंधक’

भारतीय रेलवे में पदनाम को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे बोर्ड ने स्टेशन सुपरिटेंडेंट और स्टेशन मास्टर के पदनाम को बदलते हुए अब उन्हें ‘स्टेशन प्रबंधक’ नाम देने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, ग्रेड पे 4600 (लेवल-7) के पद को अब ‘सहायक स्टेशन प्रबंधक’ और ग्रेड पे 4800 (लेवल-8) के पद को ‘स्टेशन प्रबंधक’ के नाम से जाना जाएगा।
हालांकि, इस बदलाव में कार्यों और वेतनमान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। यह नया आदेश 22 अप्रैल से लागू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2022 में ‘ट्रेन गार्ड’ के पदनाम को बदलकर ‘ट्रेन प्रबंधक’ किया गया था। रेलवे कर्मचारियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सम्मान बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।