निराश्रित गोवंश के लिए 10 हजार क्विंटल से अधिक भूसा संग्रहित

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा निराश्रित गोवंश के संरक्षण हेतु सराहनीय पहल की जा रही है। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भूसा दान अभियान चलाया गया, जिसमें जनपदवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिलाधिकारी ने भूसा दान करने वाले संभ्रांत नागरिकों एवं कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से गोवंश के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन जनसहयोग से अतिरिक्त संसाधन मिलने पर गोवंश की देखभाल और बेहतर ढंग से संभव हो पाती है।
इस वर्ष भी विशेष अभियान के तहत स्वेच्छा से भूसा दान करने वाले दानदाताओं को “पुण्य की एफडी” के रूप में प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है। इस अभिनव पहल की सराहना मुख्य सचिव द्वारा भी की गई है।
अभियान के अंतर्गत आमजन से अपील की गई है कि वे निराश्रित गोवंश के कल्याण के लिए अधिक से अधिक भूसा दान करें और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। साथ ही लोगों से अपने घरों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए जल एवं दाना की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया है।
नगर पालिका परिषद के कृषि भवन स्थित गौशाला में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट द्वारा 18 क्विंटल भूसा दान किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
जनपद में अब तक 10 हजार क्विंटल से अधिक भूसा दान के माध्यम से संग्रहित किया जा चुका है।