ब्रेकिंग न्यूज़ | वाराणसी मामूली हादसे के बाद भीड़ का कहर, युवा व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या


वाराणसी। धर्म और शांति की नगरी काशी का एक गांव रविवार रात हिंसा से दहल उठा। फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) गांव में मामूली सड़क दुर्घटना के बाद उग्र भीड़ ने 40 वर्षीय कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मनीष सिंह अपने दोना-पत्तल के कारखाने से काम खत्म कर रात करीब 11 बजे कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार से गांव की ही एक महिला बिंदु देवी को हल्की टक्कर लग गई, जिससे महिला को चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले गया। भीड़ ने मनीष को कार से खींचकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसनी ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, एसीपी अंजनी रॉय समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को शिवपुर मर्चरी हाउस में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मॉब लिंचिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी और भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights