सीयूईटी पीजी में जौनपुर की आहना यादव ने रचा इतिहास, अंग्रेजी में देशभर में प्रथम स्थान

जौनपुर। जनपद की प्रतिभाशाली छात्रा आहना यादव ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीयूईटी पीजी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जौनपुर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। अंग्रेजी विषय में 300 में से 287 अंक प्राप्त कर उन्होंने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि संयुक्त मेरिट सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया।
नगर के गूलरघाट निवासी शिक्षक संजय यादव और मनोरमा यादव की पुत्री आहना यादव ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में अंग्रेजी विषय से प्रतिभाग किया था। परिणाम घोषित होने के बाद उनकी इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
बचपन से ही मेधावी रही आहना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर में पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने राजस्थान स्थित बनस्थली विश्वविद्यालय में अध्ययन किया। परास्नातक में प्रवेश के लिए दी गई इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
आहना यादव का लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश और समाज की सेवा करना है। उनके परिवार में भी शिक्षा का माहौल रहा है—बड़े भाई कनिष कुणाल सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे भाई कृतज्ञ कल्याण दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
आहना की इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।