भूसा संग्रहण अभियान को मिली रफ्तार, 10,500 कुंतल भूसा हुआ एकत्र


जौनपुर। शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के आह्वान पर जनपद में भूसा एवं चोकर संग्रहण अभियान गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक लगभग 10,500 कुंतल भूसा दानदाताओं के माध्यम से विभिन्न गौशालाओं में एकत्रित किया जा चुका है।
इसी क्रम में मंगलवार को तहसील मड़ियाहूं अंतर्गत विकासखंड रामनगर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरविंद सिंह एवं ग्राम प्रधानों के सामूहिक प्रयास से 175 कुंतल भूसा संग्रहित किया गया। इस भूसे को जनपद की विभिन्न गौशालाओं में भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आशीष सिंह, उधम सिंह, शेरा पटेल, अशोक सिंह सहित अन्य लोगों ने भी भूसा दान कर योगदान दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भूसे से लदे ट्रैक्टर को हरी झंडी दिखाकर गोशाला के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जनपद ने भूसा संग्रहण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और इस वर्ष भी उसी उपलब्धि को दोहराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा दानदाताओं को अंगवस्त्रम एवं “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान समाज की संवेदनशीलता, सहयोग और परोपकार की भावना का प्रतीक है। उन्होंने जनपदवासियों एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर गौशालाओं के लिए भूसा दान करें तथा “पुण्य की एफडी” प्राप्त करें।
साथ ही जिलाधिकारी ने “फार्मर रजिस्ट्री” अभियान को भी तेज गति से आगे बढ़ाने का आह्वान किया, जिससे किसानों को सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights