बड़ी खबर: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत


राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। लक्ष्मणगढ़ थाना इलाके के मौजपुर के पास चलती कार अचानक आग का गोला बन गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार ने यात्रा के लिए टैक्सी बुक की थी। देर रात जब उनकी कार एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाली थी और गैस रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कोई भी यात्री खुद को बचा नहीं सका।
हादसे के समय ड्राइवर ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, हालांकि वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights