जौनपुर: एसएसपी ने जमैथा पुलिस चौकी का किया उद्घाटन, क्षेत्रीय सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

जौनपुर। जौनपुर जनपद में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम ने थाना जफराबाद क्षेत्र के अंतर्गत जमैथा स्थित नई पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, थाना प्रभारी सृष्टि जैन तथा थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जमैथा पुलिस चौकी की स्थापना क्षेत्र की संवेदनशीलता और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए की गई है। यह चौकी अखड़ो धाम क्षेत्र में स्थित है, जो गौराबादशाहपुर और केराकत को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जहां जमदग्नी ऋषि की तपोस्थली और अखड़ो माता मंदिर स्थित है। यहां लगने वाले मेलों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
नई पुलिस चौकी के शुरू होने से सरैया, पहेतिया, भूलेमऊ, उत्तरगांवा, वजहुद्दीनपुर, जमैथा, नाथूपुर और वशीरपुर जैसे आसपास के गांवों में अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस सहायता और रात्रि गश्त व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
इस मौके पर एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनता की सुरक्षा, सतर्कता और बेहतर पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।