10 हजार की रिश्वत लेते ट्रेनी दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप


बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र की बैरियर टू पुलिस चौकी पर तैनात ट्रेनी दरोगा विमल चौहान को एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी दरोगा को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
जानकारी के मुताबिक एंटी करप्शन टीम को दरोगा द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और बैरियर टू चौकी पर ही विमल चौहान को 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
कार्रवाई के दौरान चौकी और थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिसकर्मी भी पूरे घटनाक्रम को लेकर सकते में नजर आए। आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विमल चौहान की नियुक्ति मृत आश्रित कोटे से हुई थी। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी तय मानी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मामले की जानकारी मिलने के बाद सक्रिय हो गए हैं।
एंटी करप्शन टीम अब यह जांच कर रही है कि आरोपी दरोगा पहले भी इस तरह की वसूली में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights