शाहगंज तहसील परिसर के शिव मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी

जौनपुर। शाहगंज तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर में एक प्रेमी युगल ने दोनों परिवारों की सहमति से विवाह रचा लिया। शादी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की और वैवाहिक बंधन में बंध गए।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिवारों की रजामंदी मिलने के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया। अधिवक्ता की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी की गईं।
जानकारी के अनुसार, प्रेमी युवक जनपद सुल्तानपुर का निवासी है, जबकि युवती जौनपुर जिले के शाहगंज तहसील क्षेत्र की रहने वाली है। विवाह के दौरान परिजन और शुभचिंतक भी मौजूद रहे।
इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। क्षेत्र में भी यह विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्रांति फाउंडेशन दूत, जौनपुर।