बजाज लोन और इंश्योरेंस के नाम पर 2.5 करोड़ की साइबर ठगी, जौनपुर से गैंग का सरगना गिरफ्तार

जौनपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने लोन, निवेश, टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और नकदी समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जून की रात साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास से शुभम सिंह निवासी पपरावन, थाना बरसठी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह लोगों को लोन, निवेश, टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज उपलब्ध कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें फोन और व्हाट्सएप के जरिए विश्वास में लिया जाता था।
इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, वेरिफिकेशन शुल्क, इंश्योरेंस चार्ज, कैशबैक और लोन अप्रूवल जैसी विभिन्न मदों के नाम पर उनसे धनराशि जमा कराई जाती थी। आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए सिम कार्ड प्राप्त कर ठगी के नेटवर्क का संचालन किया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने, परिचितों तथा एक फर्म के नाम से कई बैंक खाते खुलवा रखे थे। ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा कराकर एटीएम, चेकबुक और सीएससी केंद्रों के माध्यम से तत्काल निकाल ली जाती थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई जिले में भी एक मुकदमा दर्ज है, जबकि राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर उससे संबंधित 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन की-पैड मोबाइल, चार सिम कार्ड, एक फर्जी आधार कार्ड, एक आधार कार्ड, फर्जी आधार कार्ड की छायाप्रति, 15 एटीएम कार्ड, नौ बैंक पासबुक, सात चेकबुक तथा 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।