उन्नाव: बाबा मिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का इनामी था इजराइल


उन्नाव। संत बाबा मिलन दास की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इजराइल उर्फ इसराइल पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। घटना सोमवार तड़के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर हुई।
पुलिस के अनुसार, थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा मिलन दास हत्याकांड का आरोपी इजराइल उर्फ इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इजराइल ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इजराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक चाकू (आला कत्ल), एक तमंचा 315 बोर तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मृतक इजराइल पर 9 जून 2026 को संत बाबा मिलन दास की चाकुओं से गोदकर हत्या करने का आरोप था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights