आईजीआरएस रैंकिंग में गिरावट पर डीएम सख्त, 30 से अधिक अधिकारियों का वेतन रोका

महोबा। जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर महोबा की जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। आईजीआरएस पोर्टल पर बढ़ते असंतुष्ट फीडबैक के कारण जिले की रैंकिंग में आई भारी गिरावट के बाद डीएम ने 30 से अधिक अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में कमी के चलते आईजीआरएस पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक की संख्या बढ़ी है। इसका सीधा असर जिले की रैंकिंग पर पड़ा, जो 15 पायदान नीचे खिसककर 67वें स्थान पर पहुंच गई।
रैंकिंग में गिरावट को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनका वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। साथ ही अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।