जौनपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: देह व्यापार के अड्डे पर छापा, रेस्टोरेंट और लाइब्रेरी जांच के दायरे में


जौनपुर। शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। शहर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। अभियान के दौरान एक कथित देह व्यापार के अड्डे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला संचालिका सहित दो जोड़ों को हिरासत में लिया।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कई रेस्टोरेंट, ढाबों, लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था, संचालन संबंधी नियमों और अन्य मानकों का भी जायजा लिया।
छापेमारी के दौरान एक मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मौके से एक महिला संचालिका समेत दो जोड़ों को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
अभियान के तहत टीडी कॉलेज के आसपास संचालित रेस्टोरेंट और ढाबों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों के विपरीत बंद केबिन बनाकर ग्राहकों को बैठाने की व्यवस्था पाई गई। इसे गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल ऐसे केबिन हटाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में कुछ स्थानों पर केबिनों को हटाने की कार्रवाई भी कराई गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध गतिविधियों, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और कई प्रतिष्ठान संचालकों में खलबली मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights