राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: 8 लोगों के खिलाफ FIR, बड़े अधिकारियों का नाम नहीं होने पर उठे सवाल

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर में लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव (गणना इंचार्ज), रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, रमा शंकर मिश्र और मनीष यादव सहित कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें अधिकांश चढ़ावे की गिनती से जुड़े कर्मचारी हैं।
यह एफआईआर राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की ओर से दर्ज कराई गई है। मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इस बीच सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर यह सवाल भी उठाए जा रहे हैं कि एफआईआर में राम मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिनमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के नामों का उल्लेख नहीं है। कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि बड़े अधिकारियों को शामिल नहीं किया गया।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।