केराकत में दिनदहाड़े व्यापारी के घर 45 लाख के जेवर और नकदी चोरी, व्यापारियों में आक्रोश


जौनपुर। केराकत कस्बे के पुराने चौराहा के निकट स्थित मोहल्ला नालापार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर 35 हजार रुपये नकद और करीब 45 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ित व्यवसायी पवन मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय राम मोदनवाल शुक्रवार को परिवार सहित अपने नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में ताला बंद था। शाम करीब सात बजे लौटने पर उन्होंने ताला खोला तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आशंका है कि चोर पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। शनिवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, केराकत तहसील इकाई के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार ‘पिंकू’, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कमलापुरी, दयाराम गुप्ता, इरफान अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटना का जल्द खुलासा नहीं किया गया तो नगर के व्यापारी उग्र आंदोलन और अन्य वैधानिक कदम उठाने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन पर दयाराम गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद, अवतार कुमार समेत कई व्यापारियों के हस्ताक्षर हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा चोरों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights