वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू टला, सुनील गावस्कर बोले—देरी से बढ़ेगा दबाव

नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी। लंबे समय से उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन पहला मैच भी उन्हें बेंच पर बैठकर ही देखना पड़ा।
इस बीच भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा है कि डेब्यू में लगातार हो रही देरी से युवा खिलाड़ी पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। सोनी स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “जब भी उन्हें मौका मिलेगा, उन पर दबाव पहले से ज्यादा होगा। हालांकि 15 साल की उम्र में खिलाड़ी दबाव के बारे में ज्यादा नहीं सोचता, लेकिन मौका मिलने पर तुरंत अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जरूर रहेगी।”
गावस्कर ने यह भी कहा कि फिलहाल वैभव के लिए टीम के साथ रहकर अनुभव लेना महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम में कई अनुभवी और शानदार खिलाड़ी हैं, जिनके साथ रहना उनके विकास के लिए फायदेमंद साबित होगा।
वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (MVP) भी बने। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें सीनियर टीम में जगह मिली।
अगर वैभव को इस सीरीज में डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड आयरलैंड के जोशुआ लिटिल के नाम है, जिन्होंने 16 साल 309 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
वहीं, भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।
सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और टीम ने मात्र 6 रन पर दो विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (68) और अभिषेक शर्मा (59) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।