दालमंडी चौड़ीकरण: पांच मस्जिदों के हिस्से तोड़े गए, 125 मजदूरों ने संभाली जिम्मेदारी

वाराणसी: शहर के दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद, अली रज़ा मस्जिद और संगमरमर मस्जिद समेत पांच मस्जिदों के निर्धारित हिस्सों को तोड़ा गया।
मस्जिद कमेटियों की ओर से कुल 125 मजदूरों को लगाया गया, जिनमें प्रत्येक मस्जिद पर लगभग 25 मजदूर तैनात रहे। ये मजदूर उन हिस्सों को हथौड़े से तोड़ रहे हैं, जो चौड़ीकरण परियोजना के दायरे में आ रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान मजदूरों ने दोपहर में करीब आधे घंटे के लिए कार्य रोका, जिसके बाद चाय-नाश्ते के पश्चात पुनः काम शुरू कर दिया गया।
करीमुल्ला बेग मस्जिद के मुतवल्ली मिर्जा सैफ बेग ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण के अंतर्गत कुल छह मस्जिदें प्रभावित हैं, जिनमें से पांच पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जफर फारुकी की ओर से मुतवल्लियों से बातचीत के बाद सहमति बनी है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मस्जिदों का आंशिक हिस्सा प्रभावित हो रहा है, जबकि एक-दो मस्जिदों का 70 से 90 प्रतिशत तक हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। तोड़े जा रहे हिस्सों के बदले सरकार द्वारा मुआवजा भी दिया जा रहा है।