जौनपुर: पीएम सूर्य घर योजना में ‘ए’ श्रेणी, लक्ष्य से 130% अधिक सोलर इंस्टालेशन


जौनपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जौनपुर जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले को सीएम डैशबोर्ड में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है, जो लक्ष्य से अधिक प्रदर्शन का प्रमाण है।
शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में बताया गया कि जून 2026 तक जनपद में कुल 5,044 सोलर इंस्टालेशन पूरे किए जा चुके हैं। वहीं जून माह में निर्धारित 600 इंस्टालेशन के लक्ष्य के सापेक्ष 780 इंस्टालेशन पूर्ण कर 130 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई।
जिलाधिकारी ने बैंक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोलर इंस्टालेशन से जुड़े सभी लंबित मामलों की 9 जुलाई 2026 तक स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही विद्युत विभाग के खंड-2 और खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन तथा लंबित निरीक्षण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के विरुद्ध आरसी जारी करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राथमिकता के आधार पर अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अनुदान की राशि शीघ्र उनके बैंक खातों में भेजी जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग, बैंक अधिकारी तथा पंजीकृत सोलर वेंडर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights