शामली में लेखपाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

शामली। जनपद के कैराना तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल धर्मवीर को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि लेखपाल ने जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से 10 हजार रुपये की मांग की थी।
पीड़ित किसान ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद योजना के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार किसान ने लेखपाल को 6 हजार रुपये की रिश्वत दी, इसी दौरान टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।
कार्रवाई सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की संयुक्त एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच जारी है।