चाकू के बल पर छिनैती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचा


जौनपुर। बक्शा थाना पुलिस ने चाकू के बल पर छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी लालसाहब ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले पांच दिनों से नेवादा गांव में प्लंबर का कार्य कर रहा था। गुरुवार की शाम काम समाप्त कर वह संतोष और अंकित के साथ बाइक से धनियामऊ स्थित अपने ससुराल जा रहा था।
बताया कि जैसे ही वह धनियामऊ अंडरपास पुलिया के नीचे पहुंचा, तभी यूपी 62 एवाई 0096 नंबर की बाइक पर सवार सरायहरखू गांव निवासी दिलीप गौतम और अजय बिंद ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकी दी और दो हजार रुपये की मांग की। भयभीत होकर पीड़ित ने अपनी जेब से 1500 रुपये निकालकर उन्हें दे दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की और शुक्रवार सुबह दोनों आरोपियों को उनकी बाइक सहित मय रोड बंधवारेबीर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights