गोंडा में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, ₹1 लाख रिश्वत लेते नगर पालिका का बाबू गिरफ्तार

गोंडा। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के एक बाबू को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर मकान दुरुस्तीकरण के नाम पर घूस मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित द्वारा की गई शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को तय रकम लेते समय पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी नगर पालिका में बाबू के पद पर तैनात था और साथ ही नजूल अमीन का कार्यभार भी देख रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।