बुलंदशहर में सिपाही ने सरकारी रायफल से की आत्महत्या, ड्यूटी के दौरान उठाया कदम

बुलंदशहर। जिले के औरंगाबाद क्षेत्र स्थित लखावटी पुलिस चौकी के पास नहर पटरी पर एक सिपाही द्वारा आत्महत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सिपाही ने ड्यूटी के दौरान सरकारी रायफल ठोड़ी पर रखकर खुद को गोली मार ली।
मृतक की पहचान सुधीर कुमार के रूप में हुई है, जो जनपद आगरा का निवासी था और वर्ष 2025 बैच का सिपाही बताया जा रहा है। घटना के समय वह फैंटम ड्यूटी पर तैनात था। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि सूत्रों के अनुसार सिपाही कुछ समय से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।