वाराणसी में बुजुर्ग दंपति से करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, बीजेपी नेता समेत 10 पर केस दर्ज

वाराणसी, रोहनिया। मोहन सराय क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति अपने ही घर में भय के साये में जीने को मजबूर हैं। पीड़ित ओमप्रकाश मिश्रा और उनकी पत्नी प्रमिला मिश्रा ने मीडिया के सामने भावुक होकर अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने आयुष्मान कार्ड बनवाने और इलाज के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर कई बार हस्ताक्षर करवाए। आरोप है कि डायलिसिस के बाद उन्हें सीधे रजिस्ट्री ऑफिस ले जाया गया, जहां कथित मिलीभगत से फर्जी तरीके से उनकी लगभग 70 बिस्वा जमीन, जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है, हड़प ली गई।
घटना के बाद से दंपति दहशत में हैं। उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं और दिन में भी दरवाजे बंद रखकर रहने को मजबूर हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार जान का खतरा बना हुआ है।
मामले में कार्रवाई के लिए परिजन तीन महीने तक अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे। अंततः कोर्ट के आदेश पर बीजेपी नेता सुरेश सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ितों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।