आजमगढ़: रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे युवक की मौत, वर्दी भेजकर दी गई सूचना

आजमगढ़ जिले के एक युवक जोगेंद्र यादव की रूस-यूक्रेन युद्ध में मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जोगेंद्र रोजगार की तलाश में रूस गए थे, जहां उन्हें गार्ड की नौकरी मिली थी। इसी दौरान रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ गया और उन्हें रूस की ओर से सैनिक बनाकर रणभूमि में भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, जोगेंद्र 2024 के बाद से परिवार के संपर्क में नहीं थे। काफी समय तक कोई जानकारी न मिलने से परिवार चिंतित था। अब रूस की ओर से उनके शहीद होने की सूचना दी गई है। हालांकि, उनका पार्थिव शरीर अब तक नहीं मिल सका है। रूस सरकार द्वारा उनकी वर्दी परिवार को भेजी गई है, जिसे देखकर परिजन बिलख पड़े।
जोगेंद्र यादव के परिवार में माता-पिता, पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोग सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर परिवार को सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं।